मंदसौर। स्वास्थ्य विभाग के जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप ने बताया कि राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेलखेड़ा में एक महत्वपूर्ण मानसिक स्वास्थ्य संवाद/कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें यह जानकारी देना था कि मानसिक समस्याओं के लिए वे कहाँ से मदद प्राप्त कर सकते हैं। कार्यशाला में जिला चिकित्सालय मंदसौर के 'मन कक्ष' की टीम ने हिस्सा लिया। टीम ने बताया कि 'मन कक्ष' में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए नि:शुल्क परामर्श और दवाइयाँ उपलब्ध हैं। यहाँ मेडिकल कॉलेज के मनोरोग चिकित्सक, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, साइकोलॉजिस्ट और नर्सिंग स्टाफ़ अपनी सेवाएँ प्रदान करते हैं। टीम ने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए मंदसौर के 'मन कक्ष' में संपर्क करने या 24x7 टोल-फ्री नंबर 14416 या 18008914416 पर कॉल करने का आग्रह किया। हर व्यक्ति के जीवन में कुछ परेशानियाँ होती हैं, लेकिन वे समस्याएँ नहीं बल्कि परिस्थितियाँ होती हैं। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि व्यक्ति को इन परिस्थितियों और अपने काम के साथ तालमेल बिठाना सीखना चाहिए। इस कार्यशाला का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों तक मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश पहुँचाना था। कार्यशाला में जिला चिकित्सालय की 'मन कक्ष' टीम के सदस्य डॉ. ऋषिकेश्वर त्रिवेदी क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, ज्योति बाला कुमावत साइकेट्रिक नर्सिंग ऑफिसर, मानसी मिश्रा रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजिस्ट ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ़, आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल का समर्थन किया।