नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन ने गुरुवार को कुंडला खानखेड़ी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मनासा तहसील के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत यह संयुक्त कार्रवाई राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान डूब क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन में लिप्त आठ सक्सर मशीन (फाइटर) को मौके पर ही जप्त कर नष्ट कर दिया गया।
सहायक जिला खनिज अधिकारी गजेंद्र डाबर ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर राजस्व विभाग के सहयोग से कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि जब्त की गई मशीनें आकार में काफी बड़ी थीं और पानी अधिक होने के कारण डूब क्षेत्र के पास ही नष्ट कर दी गईं। डाबर ने स्पष्ट किया कि अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध ऐसी कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान मनासा एसडीओ राजस्व किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम, मृगेंद्र सिसोदिया, नवीन छतरोले सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।