मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के चौथे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन लल्लूजी एंड संस द्वारा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें लक्जरी कैंपिंग, एडवेंचर टूरिज्म और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सीएम के कार्यक्रम को लेकर वॉईस ऑफ एमपी की टीम भी कार्यक्रम स्थल पहुंच गई है। वहां से दर्शकों व पाठकों तक पल-पल की अपडेट पहुंचा रही है।
रोमांचक गतिविधियां होंगी आकर्षण का केंद्र-
फॉरेस्ट रिट्रीट में पर्यटक टेंट सिटी, हॉट एयर बैलूनिंग, पैरामोटरिंग, जेट स्कीइंग, कायाकिंग और मोटर बोटिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। साथ ही, हिंगलाजगढ़ किले की हेरिटेज ट्रेल, गांधीसागर अभयारण्य में वन्यजीव सफारी और ग्रामीण जीवन से जुड़ी गतिविधियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी।
बटरफ्लाई गार्डन देगा अनोखा अनुभव-
रिट्रीट में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता पर खास जोर दिया गया है। लगभग 2,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित बटरफ्लाई गार्डन में 4,000 से अधिक पोषक एवं पराग प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। यहां अब तक 40 से अधिक तितली प्रजातियां दर्ज की जा चुकी हैं। यह गार्डन पर्यटकों को तितलियों के जीवन चक्र की जानकारी देने के साथ-साथ शिक्षा और इंटरप्रिटेशन केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा।
नई गतिविधियां भी होंगी शामिल-
इस बार रॉक आर्ट इंटरप्रिटेशन जोन जो चतुर्भुज नाला की प्राचीन शैलचित्र कला से प्रेरित है और बायोडायवर्सिटी वॉक भी पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।
वाटर स्पोर्ट्स और हवाई एडवेंचर का रोमांच-
पर्यटक गाइडेड बटरफ्लाई गार्डन टूर, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग, स्पीड बोट, बनाना राइड, जेट स्की, कायाकिंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स और हॉट एयर बैलूनिंग व पैरामोटरिंग जैसे हवाई एडवेंचर का अनुभव कर प्रकृति के और करीब आ सकेंगे।