सरवानिया महाराज। लापरवाही से वाहन खड़ा करना कई बार भारी पड़ जाता है। गुरुवार को एक व्यक्ति स्कूल में बच्चों की फीस जमा कराने गया, तभी उसका चाबी लगा दुपहिया वाहन अज्ञात चोर उठा ले गए।
सूत्रों के अनुसार जिले में ऐसे दो-चार मामले रोज सामने आते हैं। ज्यादातर मामलों में वाहन मालिक अपनी गाड़ी की चाबी लगाकर ही चले जाते हैं और चोर मौके का फायदा उठाकर वाहन लेकर फरार हो जाते हैं।
शहर में पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों और गश्त व्यवस्था के बावजूद इस तरह की घटनाएं वाहन मालिकों की लापरवाही के चलते सामने आ रही हैं। पुलिस पिछले दो माह से लगातार लोगों को जागरूक कर रही है कि वाहन पार्क करते समय चाबी अवश्य निकालें और असुरक्षित स्थानों पर वाहन खड़ा न करें।
पुलिस चौकी प्रभारी श्याम कुमावत ने बताया कि पुलिस चोरी जैसे अपराधों पर रणनीति के तहत काम कर रही है। “नगर भ्रमण के दौरान कई बार मुख्य बाजार और बस स्टैंड पर चाबी लगे वाहन खड़े मिले। वाहन मालिकों को समझाया भी गया कि यह उनकी ही लापरवाही है। यदि वाहन में चाबी लगी मिलेगी तो चोरों के लिए यह आसान शिकार साबित होगा।
गुरुवार को स्कूल क्षेत्र से चोरी हुए दुपहिया वाहन के मामले में प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वाहन में चाबी लगी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। विभिन्न टीमें सक्रिय की गई हैं और जल्द ही वाहन चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है।