नीमच। महिला स्वयं सहायता समूह महासंघ (मध्यप्रदेश) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नीमच में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते जिलेभर में 100 से अधिक दुकानें बंद हो गईं, जिससे आमजन को रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ की प्रमुख मांग समान मानदेय को लेकर है। उनका कहना है कि प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी समितियों के सेल्समैन को 3000 रुपये अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है, जबकि समान कार्य करने वाली महिला समूह की सदस्यों को यह लाभ नहीं मिलता।
इसके अलावा महासंघ ने कई अन्य मुद्दे भी उठाए हैं
- पहले से काटे गए टीडीएस का तत्काल भुगतान किया जाए।
- पॉस मशीन और तुलाई का काम एक साथ करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए अतिरिक्त सहायक की नियुक्ति हो।
- भंडारण दुकानों का कमीशन 90 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।
- पॉस मशीन चार्जर, स्टेशनरी और दुकान किराए जैसे खर्चों का वहन सरकार द्वारा किया जाए।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक हड़ताल अनवरत जारी रहेगी।