आगर-मालवा। तनोड़िया क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई में ड्रग फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो गाड़ियों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, मशीनरी और खतरनाक रसायन जब्त किए। इस मामले में भाजपा तनोड़िया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना का नाम सामने आने से हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार पंचायत से लेकर पार्टी स्तर तक सक्रिय रहा राहुल आंजना लंबे समय से एक बड़े ड्रग नेटवर्क को संचालित कर रहा था। एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8 और 22 के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल फरार है।
पुलिस ने मारुति अर्टिगा और इग्निस गाड़ियों से जब्त किया-
- 9.250 किलो केटामाइन
- 6 ग्राम एमडी ड्रग
- 12.100 किलो अमोनियम क्लोराइड पाउडर
- 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल
- ड्रग बनाने की मशीन और उपकरण
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई छोटा धंधा नहीं, बल्कि फैक्ट्री स्तर पर एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग की तैयारी और सप्लाई की जा रही थी।
छापे के दौरान पुलिस ने ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना को गिरफ्तार किया, जबकि राहुल आंजना मौके से भाग निकला। उसके ठिकानों से कई संदिग्ध दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा जब्त किए गए हैं। प्राथमिक जांच में कॉल डिटेल और बैंक खातों से पिछले दो साल में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, एक किलो केटामाइन से करीब 10 किलो एमडी ड्रग तैयार किया जा सकता है। जब्त सामग्री से स्पष्ट है कि यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर सक्रिय था और करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार कर रहा था।