नीमच। अन्नपूर्णा सेवा न्यास, थैलेसीमिया जनजागरण समिति और थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में टाउन हॉल, नीमच में दो दिवसीय थैलेसीमिया एवं सिकल सेल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ।
13 और 14 सितंबर को आयोजित इस शिविर में थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क जांच, चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के लगभग 180 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आयोजन समिति ने बताया कि यदि जांच में किसी बच्चे को गंभीर बीमारी पाई जाती है, तो अन्नपूर्णा सेवा न्यास उसकी सर्जरी का खर्च भी वहन करेगा।
रविवार को कार्यक्रम के दूसरे चरण में दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद से आए विशेषज्ञ डॉक्टर विशेष ओपीडी लगाएंगे। वे बच्चों और उनके अभिभावकों को परामर्श देकर रोग प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे।
इस अवसर पर अन्नपूर्णा सेवा न्यास के राकेश ‘पप्पू’ जैन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य पीड़ित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराकर उनका जीवन बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि बच्चों की उम्र बढ़े और जीवन की गुणवत्ता सुधरे, इसी लक्ष्य के साथ शिविर का आयोजन किया गया है।
यह शिविर अन्नपूर्णा सेवा न्यास की स्वास्थ्य सेवाओं का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत आमजन को निःशुल्क और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।