कंजार्डा। शासकीय स्कूल चौकड़ी में उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम के अंतर्गत “उमंग दिवस” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य गोपाल मालवीय ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम प्रभारी सुनीता मालवीय ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीएल जावरिया, हेल्थ काउंसलर अनुराधा मालवीय तथा ऋषिकेश एम्स में पदस्थ संजय कुमार धाकड़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को जीवन में आने वाली चुनौतियों से निपटने, शिक्षा के क्षेत्र में समस्याओं का समाधान खोजने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने प्रश्न मंच, चित्रकला जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और जीवन कौशल एवं उमंग कार्यक्रम से मिले अनुभव साझा किए। प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी राधिका धाकड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष पुरस्कार हासिल किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक प्रकाश चंद्र धाकड़, प्रकाश चंद्र बडेरा, ओमप्रकाश धाकड़ और विनोद कुमार धाकड़ सहित अन्य शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।