चित्तौड़गढ़। रॉबिन उच्च माध्यमिक विद्यालय, निंबाहेड़ा में छात्रों को परीक्षा के भय से मुक्ति और मनोबल सुदृढ़ करने के लिए विशेष आध्यात्मिक सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय निंबाहेड़ा सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया।
दीदी ने छात्रों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नियमित ध्यान अभ्यास से न केवल परीक्षा का भय दूर किया जा सकता है, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अध्यात्मिकता केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को संतुलित, सुखमय और सार्थक बनाने की कुंजी है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीपक जैन ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं और शिक्षा के साथ-साथ उनके चारित्रिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बीके शिवली दीदी के प्रेरणादायक विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और सराहा।
अंत में कार्यक्रम का समापन शांति प्रार्थना और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर यह संदेश उभरा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मबल, एकाग्रता और नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाते हैं।