नीमच। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी रजनी दत्ता (सीआरपीएफ), पीडीसी संगीता जोशी और क्लब की पूर्व अध्यक्ष डॉ. माधुरी चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर डॉ. माधुरी चौरसिया ने कहा कि हिंदी हमारे स्वाभिमान और गर्व की भाषा है। यह हमारी संस्कृति और संस्कारों का प्रतिबिंब है। आज पूरे विश्व में लोग हिंदी सीखने और समझने के लिए भारत आ रहे हैं। हमें इसका मान बढ़ाना चाहिए और इसे आत्मसात करना चाहिए।
मुख्य अतिथि रजनी दत्ता ने कहा कि बच्चों को उनकी मातृभाषा में ही शिक्षा दी जानी चाहिए, क्योंकि मातृभाषा से ही उनका सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में सुंदर लेखन प्रतियोगिता और प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। रजनी दत्ता के सहयोग से विद्यालय के खेल मैदान में तीन सोलर लाइटें लगाई गईं। वहीं सुनीता डबकरा, शारदा तौर, नवकार सेवा मंडल और फारुख के सहयोग से पानी की मोटर एवं पाइपलाइन की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का संचालन तृप्ति दुआ ने किया तथा आभार हेमांगिनी त्रिवेदी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अमरजीत कौर छाबड़ा, शशि मोगरा, बीना खंडेलवाल, शोभा तोतला, प्रीति ग्रोवर, संगीता दुआ, सीमा अरोड़ा, रजिया अहमद, कुसुम कदम, रागिनी कालरा, सुमन अहीर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।