भोपाल। अखिल भारतीय जीनगर समाज द्वारा आयोजित प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा समाजजनों को संबोधित किया।
देवड़ा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति और विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु अखिल भारतीय जीनगर समाज द्वारा किया जा रहा प्रयास प्रशंसनीय और सराहनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाजहित के इस कार्य में सरकार और जनप्रतिनिधि हमेशा मजबूती से साथ खड़े हैं।
उन्होंने समाज के बच्चों से आह्वान किया कि वे लगन और परिश्रम के साथ अध्ययन करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए पूर्णतः समर्पित और संकल्पित है। कार्यक्रम के अंत में देवड़ा ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा आप खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने समाज, प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।