मंदसौर। पुराने धोखाधड़ी मामले में नगर पुलिस ने सोमवार को पिपलियामंडी चौपाटी स्थित आदित्य पालीवाल के घर पर दबिश दी, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला।

गौरतलब है कि क्रोलिक मार्केटिंग प्रा. लि. और बन्नी एफ एक्स नामक कंपनियों के संचालकों अजय राठौर और आदित्य पालीवाल पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पीड़ितों के अनुसार कंपनी ने आकर्षक स्कीम और प्लानिंग दिखाकर लोगों से बड़ी राशि निवेश करवाई, शुरू में कुछ रिटर्न दिए, लेकिन बाद में कंपनी बंद कर राशि लौटाने से इनकार कर दिया।

पीड़ितों का कहना है कि दोनों आरोपियों ने प्रदेश के कई जिलों मंदसौर, नीमच, रतलाम, इंदौर सहित अन्य स्थानों से करीब 20 से 25 करोड़ रुपये वसूले और उन पैसों से आलीशान जीवनशैली अपनाई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
