मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक विभाग निर्धारित कैलेंडर के अनुसार अपने-अपने कार्य पूर्ण करें।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य कैंपेन आयोजित करने, स्वच्छता विभाग को स्वच्छता अभियान संचालित करने और वृक्षारोपण अभियान व्यवस्थित रूप से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ा जाए। सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांगों को उपकरण वितरण हेतु वृहद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
लोकल फॉर वोकल अंतर्गत प्रदर्शनी आयोजन तथा गांधी जयंती पर खादी की अधिकतम खरीद को बढ़ावा देने हेतु कुटीर उद्योग विभाग को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए गए। स्कूल शिक्षा विभाग को स्कूल एवं कॉलेजों में चित्रकला, निबंध और व्याख्यान प्रतियोगिताएं आयोजित करने, तंबाकू नियंत्रण पर कार्य करने एवं स्कूल परिसर क्षेत्र में नशे की दुकानों को समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय ष्नमो पार्कष् एवं ष्नमो उपवनष् की थीम पर अपने-अपने क्षेत्र में वन विकसित करें। नदी के उद्गम स्थल पर पौधारोपण कर उसकी देखरेख भी करें। उन्होंने सेवा पखवाड़ा और स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत सभी लाडली बहनों का ब्लॉक वाइज स्वास्थ्य परीक्षण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। रक्तदान शिविरों में जन अभियान परिषद की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस लाइन, छात्रावास और कॉलेजों में रक्तदान एवं स्वास्थ्य कैंपेन आयोजित करने तथा एसडीएम इसकी सतत निगरानी भी करें। पीएचई विभाग को स्वच्छ पेयजल अभियान से जोड़कर इस पहल को और प्रभावी बनाने को कहा गया।
कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता के संबंध में निर्देश दिए कि डीएपी, यूरिया, एनपीके आदि की समय पर पर्याप्त मांग भेजी जाए और 15 सितम्बर तक जिले में किसानों की कुल मांग की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर लगातार फॉलोअप लेने के निर्देश भी दिए। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण प्रतिशत में सुधार लाने और उसकी निरंतर मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।