मंदसौर/नीमच। केंद्र सरकार द्वारा नई अफीम किसान नीति 2025-26 के लागू होने के अवसर पर क्षेत्र के अफीम काश्तकारों ने सांसद सुधीर गुप्ता का मंदसौर स्थित सांसद सेवा केंद्र पर स्वागत किया। किसानों ने सांसद को साफा पहनाकर और पुष्पहार से सम्मानित किया।
इस मौके पर सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, भानपुरा, गरोठ, नीमच, मनासा, जावद, सिंगोली, रतनगढ़, बूढ़ा, टकरावद, बादपुर, दलौदा सरवानिया, एलची सहित पड़ोसी राज्य राजस्थान के किसान भी उपस्थित रहे।
सांसद सुधीर गुप्ता ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों की आय बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई अफीम नीति में किसानों के सुझावों को शामिल किया गया है, जिससे उन्हें अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही, नीति के जल्द लागू होने से किसानों को तैयारी करने का पर्याप्त समय मिलेगा।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन, कार्यकर्ता और ग्रामवासी मौजूद रहे।