नीमच। शहर की द्वारिकापुरी मेन कॉलोनी, धनेरिया रोड के रहवासी वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे पिछले लगभग 12 वर्षों से यहाँ रह रहे हैं, लेकिन अब तक न तो सड़क का निर्माण हुआ है और न ही नालियों की सफाई की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नालियां पूरी तरह से जाम हो चुकी हैं और उनका गंदा पानी घरों के सामने सड़कों पर फैला रहता है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बच्चों सहित बड़ों के बीमार होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
कॉलोनीवासियों ने इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम पंचायत धनेरियाकलां के सरपंच और सचिव से की, लेकिन समाधान आज तक नहीं हुआ। इतना ही नहीं, कॉलोनीवासियों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज कराई थीं (क्रमांक– 33118619, 34413713 और 34339507), लेकिन किसी सक्षम अधिकारी द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर से हस्तक्षेप कर इस गंभीर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।