नीमच। नेवड़ पंचायत सीमा अंतर्गत संचालित नीमच प्रोटीन नामक सोया प्लांट से निकल रहे अपशिष्ट और प्रदूषित धुएं के खिलाफ सरवानिया बोर ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामवासियों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पदार्थ को सीधे पानी के साथ बहाया जा रहा है, जिससे आसपास की उपजाऊ कृषि भूमि बंजर होती जा रही है और भूमिगत जल भी दूषित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने अपशिष्ट निस्तारण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की है।
इसके अलावा, फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं के कारण लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। श्वास एवं दमा के मरीजों की स्थिति बिगड़ रही है और स्वस्थ व्यक्ति भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि उपजाऊ भूमि और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन त्वरित कार्रवाई करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन, चक्का जाम और हड़ताल जैसी कठोर कार्यवाही करने को मजबूर होंगे।