मंदसौर। पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर रोकथाम हेतु सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील के नेतृत्व में एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति तथा थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक कमलेश प्रजापति द्वारा गठित टीम ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया।

गठित पुलिस टीम ने सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई रोड, धामनिया फंटे के पास से आरोपी निलेशपुरी पिता दयाशंकरपुरी (उम्र 26 वर्ष, निवासी ढिकनिया, थाना सीतामऊ) को सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 14 सीबी 0285 सहित दबोचा। कार की तलाशी में 06 प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ कुल 1 क्विंटल 10 किलोग्राम डोडाचुरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने अवैध डोडाचुरा अपने साथी ईश्वरसिंह सौंधिया निवासी लोगनी से लाना स्वीकार किया। इस आधार पर थाना सुवासरा पर आरोपीगणों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 280/25 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के अन्य स्रोतों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

सराहनीय योगदान-
इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश प्रजापति, सउनि गेन्दाल पलासिया, आरक्षक मोतीलाल यादव (815), मनीष धाकड़ (564), लालु गुर्जर (864), भेरूलाल (558), गोविन्द सिंह (388) एवं कृष्णपाल सिंह (546) का विशेष योगदान रहा।
