डीकेन। सेवा को समर्पित अवसर पर मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डीकेन में सेवा से प्रसन्नता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। यह दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया गया, जिसे आयोजकों ने “प्रेरणा का उत्सव” बताया।
कार्यक्रम में नितेश सेन ने कहा कि विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने विद्यार्थियों के लिए जो अवसर उपलब्ध कराए हैं, उन्हें अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा अपनी सेवा राशि का उपयोग जरूरतमंदों की मदद में करें और अपने कार्यों से समाज में खुशहाली फैलाएं। आपकी छोटी सी मदद किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा बच्चों और युवाओं को देश का भविष्य मानते हैं और चाहते हैं कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर अपनी प्रतिभा को पहचानें। उनकी योजनाएंकृबेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत अभियानकृयुवाओं को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे लोकप्रिय विधायक सकलेचा ने वर्ष 2003 से जावद विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को नया आयाम दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे, जो पहले संसाधनों की कमी से जूझते थे, आज डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अभियान के अंतर्गत विधायक सकलेचा ने जावद क्षेत्र के 85 शासकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 10,000 बच्चों को अपने विधायक निधि से 40 लाख रुपए की सेवा राशि वितरित की है। अब इस अभियान के दूसरे चरण की राशि भी विद्यार्थियों को मिलने जा रही है।
पिछले चरण में विद्यार्थियों द्वारा किए गए छोटे-छोटे सेवा कार्यों ने न केवल जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य आजाद बाबेल, समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।