रामपुरा। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा में की गई।
17 सितंबर 2025 को महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता रैली और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भरत कुमार धनगर ने किया।
इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय स्टाफ ने मिलकर प्रांगण में औषधीय पौधों का पौधारोपण किया। वहीं, विद्यार्थियों ने स्वच्छता रैली निकालकर स्लोगन के माध्यम से स्वच्छता एवं सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाकर स्वच्छता, सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रोत्साहन देना है। साथ ही नागरिकों में स्वच्छता और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करना है।
इस अभियान में प्रो. मठूआ अहिरवार, डॉ. मुक्ता दुबे, डॉ. महेश चांदना और डॉ. सुरेश कुमार सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।