मंदसौर। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में स्वस्थ नारी–सशक्त नारी अभियान निरंतर संचालित है। इसी कड़ी में आज 17 सितम्बर को शाम 5 बजे तक जिले में 223 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इसके साथ ही 3 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 113 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। जिलेभर में कुल 1299 महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। इनमें भानपुरा में 115, गरोठ में 174, मल्हारगढ़ में 296, सीतामऊ में 301 और धुंधड़का में 413 परीक्षण संपन्न हुए।
जिले में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 5863 लोगों का पंजीयन हुआ, जिनमें 4104 महिलाएं और 1759 पुरुष शामिल रहे। इसके अलावा 2169 NAFLD Screening, 1688 बीपी व शुगर की जांच, तथा 2215 गर्भवती माताओं का चेकअप किया गया। वहीं 90 नई गर्भवती माताओं का पंजीयन भी किया गया।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व को प्राथमिकता देते हुए यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि हर महिला स्वस्थ और सशक्त होकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।