जावद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर नीमच जिले की जावद विधानसभा में इतिहास रचने वाला कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने विधानसभा क्षेत्र के 141 शासकीय स्कूलों के लगभग 14 हज़ार विद्यार्थियों को सेवा कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
सांदीपनि विद्यालय परिसर में हुए इस विशेष आयोजन में कक्षा 6 से 8 तक के 7200 विद्यार्थियों को 200-200 रुपये और कक्षा 9 से 12 तक के 6600 विद्यार्थियों को 500-500 रुपये की राशि दी गई। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 50 लाख रुपये बच्चों में वितरित किए गए।
देश का पहला मामला-
विधायक सखलेचा ने कहा कि संभवतः यह देश की पहली पहल है, जब प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 14 हज़ार विद्यार्थी एक साथ सेवा कार्यों के लिए आगे बढ़े हैं।
सेवा के विविध रूप-
राशि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों ने सेवा के विभिन्न कार्य किए। किसी ने गरीब वृद्ध को चप्पल दिलवाई, किसी ने घर का फ्यूज बल्ब बदलवाया, किसी ने वृद्धा को दूध पिलाया, तो किसी ने बीमार व्यक्ति को दवा दिलाकर या डॉक्टर से दिखाकर सेवा दर्ज कराई।
इन छोटे-छोटे कार्यों ने बच्चों के भीतर करुणा, संवेदना और सेवा भाव को और मजबूत किया।
विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया-
छात्रा शिरीन कुरैशी ने कहा कि इस सहयोग से उन्हें समाजसेवा की दिशा में नई प्रेरणा मिली। वहीं छात्रा शिवानी सुथार ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग समाजहित के कार्यों में करेंगी।
सेवा ही संकल्प-
विधायक सखलेचा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन पूरी तरह सेवा और समर्पण को समर्पित है। उनकी सोच के अनुरूप ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि बच्चे बचपन से ही समाजहित में योगदान देना सीखें और सेवा को जीवन का संकल्प बनाएं।
बॉक्स न्यूज़ (हाइलाइट)
जावद विधानसभा के 141 शासकीय स्कूल
कक्षा 6 से 8 : 7200 विद्यार्थी – 200-200 रुपये
कक्षा 9 से 12 : 6600 विद्यार्थी – 500-500 रुपये
कुल विद्यार्थी : 14,000
कुल राशि : लगभग 50 लाख रुपये