नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 724.700 किलो पोस्ता भूसा (अफीम का भूसा) जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार को नीमच बाइपास के पास की गई, जिसमें एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन को खुफिया जानकारी मिली थी कि राजस्थान में पंजीकृत एक ट्रक प्रतापगढ़ से जोधपुर की ओर अफीम का भूसा ले जा रहा है। इस सूचना के आधार पर सीबीएन की टीम ने नीमच बाइपास पर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान पाया गया कि तस्करों ने पोस्ता भूसे को आलू की बोरियों के पीछे बड़ी चालाकी से छिपा रखा था।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई-
अवैध सामग्री और ट्रक जब्त करने के बाद सीबीएन ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धाराओं के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे जांच जारी है, ताकि इसमें शामिल अन्य तस्करों का भी पता लगाया जा सके।