शाजापुर। आज दिनांक 20 सितम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशानुसार पुलिस कंट्रोल रूम शाजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय की उपस्थिति में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम 2013 के विषय में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जन साहस टीम के राज्य समन्वयक राजेन्द्र पिपलोदिया, मास्टर ट्रेनर अनूपा जी, संदीप अस्ताया, आरती सोलंकी एवं एडवोकेट रामप्रसाद फुलेरिया ने POSH कानून (2013) की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान यौन उत्पीड़न की आंतरिक समिति (Internal Committee) की भूमिका, महत्व और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सुरक्षित एवं समान कार्यस्थल निर्माण हेतु सहभागिता पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त, सिविल अस्पताल से पधारे उदय सिंह राजपूत ने एचआईवी के संबंध में जानकारी दी। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉ. जे.पी. शर्मा, सुरेन्द्र भालेकर, भगवानदास गुप्ता तथा रामकृष्ण फाउंडेशन शाजापुर से निधि दवे एवं प्रवीण शर्मा ने कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस दौरान ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, शुगर और एचआईवी की जांच की गई। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को उच्च स्तरीय उपचार हेतु निर्देशित किया गया।