नीमच। जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध जिला आबकारी दल और मनासा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 35 लीटर महुआ निर्मित हाथ भट्टी देशी मदिरा और 850 किलो महुआ लाहन जब्त किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी बसंत कुमार भिटे एवं एडीईओ बी. एल. सिंगड़ा के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कवारे और पंकज राठौर ने वृत्त मनासा के ग्राम पिपलिया रंडी और बरडिया में अवैध मदिरा निर्माण और संग्रहण करने वालों के खिलाफ दबिश दी। चिन्हित स्थलों, तालाब, नदी-नालों और सुनसान जंगलों में सघन जांच कर कुल 5 प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34 के तहत दर्ज किए गए।
जप्त मदिरा और महुआ लाहन का बाजार मूल्य लगभग 70,000 रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के महेश गेहलोद, विलास दगिया, बलवंत भाटी सहित पुलिस बल का भी सराहनीय योगदान रहा।
जिला आबकारी अधिकारी बसंत कुमार भिटे ने बताया कि जिले भर में अवैध शराब माफियाओं के अड्डों पर इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।