नीमच। जिले के छोटे से गांव बिसलवास खुर्द की बेटी शिवानी नागदा ने भारतीय सेना में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवानी, अशोक कुमार नागदा की सुपुत्री एवं उमाशंकर नागदा की सुपोत्री हैं। 18 वर्षीय शिवानी ने प्रतिष्ठित एनडीए (UPSC) परीक्षा एवं एसएसबी इंटरव्यू दोनों सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किए हैं। अब वे 3 वर्ष की ट्रेनिंग पूर्ण करने के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यभार संभालेंगी। यह नीमच जिले के लिए गर्व की बात है कि शिवानी नागदा कम उम्र में जिले की पहली महिला अफसर होंगी जिनका चयन भारतीय सेना में हुआ है।
शिवानी का शौर्य केवल NDA तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा IIT JEE में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 9050 प्राप्त की थी। लेकिन सेना में सेवा करने के सपने को साकार करने के लिए उन्होंने IIT छोड़कर NDA की राह चुनी और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। यह साबित करता है कि संकल्प और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। शिवानी की इस अद्वितीय उपलब्धि पर पूरे परिवार और क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है।