रतनगढ़। नवरात्रि और आगामी दशहरा-दीपावली जैसे त्यौहारों के बीच नगर परिषद रतनगढ़ के सफाई कर्मचारियों ने एक बार फिर काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कई माह से उनका वेतन एवं एरियर लंबित है और जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे।
कर्मचारियों ने बताया कि 26 अगस्त 2025 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दो माह का बकाया वेतन एकमुश्त देने तथा समस्त दैनिक वेतनभोगी और स्थायी-अस्थायी कर्मचारियों का लंबित एरियर (डीए) जारी करने की मांग की गई थी। लेकिन रक्षाबंधन से लेकर अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।
त्योहारों के समय वेतन न मिलने से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि मजबूरन 23 सितंबर से उन्होंने संपूर्ण नगर का सफाई कार्य बंद कर नगर परिषद कार्यालय में धरना प्रारंभ कर दिया है। अब देखना यह होगा कि क्या नगर परिषद उनकी जायज मांगें पूरी करती है या फिर रक्षाबंधन की तरह सफाई कर्मचारियों का दशहरा और दीपावली भी निराशा में बीतेगा।