मंदसौर। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के निर्देशानुसार जिले में सघन जागरूकता अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सिविल हॉस्पिटल गरोठ द्वारा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल मेलखेड़ा, तहसील गरोठ में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें विद्यार्थियों को एचआईवी बीमारी के कारण, बचाव हेतु सावधानियों एवं उपलब्ध इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सिफीलिस, हेपेटाइटिस-बी, टीबी जैसी अन्य संक्रामक बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के उपाय बताए गए। एचआईवी एक्ट 2017 एवं राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय दलोदा के अंतर्गत ग्राम दलोदा रेल में रेड रिबन क्लब द्वारा पंचायत एवं विद्यालय के सहयोग से रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से एचआईवी/एड्स से संबंधित संदेश प्रसारित किए गए तथा ग्रामीणों को पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान 16 व्यक्तियों का एचआईवी/वीडीआरएल स्क्रीनिंग किया गया। ग्रामीणों को राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी दी गई।