रतलाम। राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले में स्वच्छता उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय रतलाम में सिविल सर्जन डॉ. एमएस सागर, डॉक्टर और कर्मचारी शामिल होकर विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय हुए।
स्वास्थ्य शिविर में 61 सफाई कर्मियों और 20 सुरक्षा कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया गया, बायोमेडिकल वेस्ट का निदान किया गया और ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू, एनआरसी तथा वार्डों में पेस्ट कंट्रोल कराया गया।
अस्पताल परिसर को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया। आने वाले परिजनों और कर्मचारियों की जेबों से तंबाकू उत्पाद निकलवाए गए। सिविल सर्जन ने बताया कि कोटपा अधिनियम के तहत परिसर में धूम्रपान पर 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा।
डॉ. सागर ने पूरे अस्पताल कर्मचारियों की टीम को उनके लगातार आठ दिन के श्रमदान और स्वच्छता सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए सराहा।