नीमच। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत नगर परिषद नीमच द्वारा शनिवार 27 सितंबर 2025 को वार्ड क्रमांक 24, स्कीम नंबर 9 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 37 पर प्लास्टिक-दान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के निर्देशन में आयोजित इस अनोखी पहल के तहत लोगों को अपने घरों में जमा अनुपयोगी प्लास्टिक जैसे बोतलें, पैकेट, डिब्बे आदि दान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घर से प्लास्टिक सामग्री दान की।
एकत्रित प्लास्टिक को नगर परिषद टीम द्वारा पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) हेतु भेजा गया। विशेष पहल के तहत जिन महिलाओं ने प्लास्टिक दान किया, उन्हें नगर पालिका की स्वच्छता टीम द्वारा पौधे भेंट किए गए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृक्षारोपण हेतु जागरूक भी किया गया।
यह अभिनव पहल स्वच्छ नीमच अभियान को नई दिशा देने वाली साबित हो रही है और लोगों में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता फैला रही है।