चित्तौड़गढ़। शिव शंकर महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री सिद्धेश्वर महादेव मन्दिर के प्रांगण में आयोजित शारदीय नवरात्रा के नौ दिनों तक माँ के समक्ष डांडिया नृत्य की प्रस्तुति अंतिम दिन अपने चरम पर रही। गुरूवार को माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पंडित हर्षल व्यास द्वारा मंत्रोचार के साथ हवन पूजन कर दुर्गा माँ की प्रतिमा का भव्य जुलूस के साथ शंकरपुरम से हाथी कुण्ड स्थित गार्डन में प्रतिमा की पूजा आरती कर विजर्सन किया गया।
आयोजित हवन पूजन को महावीरप्रसाद पारीक, ब्रजेश सिंह राठौड़, सूरजमल टांक एवं समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार कुमावत ने सपत्नी आहुतियां देकर सम्पन्न कराया। इसके पश्चात माँ दुर्गा की आरती की गई जिसमें सभी कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। आरती के पश्चात माँ दुर्गा की प्रतिमा को सुसज्जित ट्रेक्टर ट्राली में विराजित करा कॉलोनीवासियों द्वारा मधुर संगीत की धुनों पर नृत्य करते हुए भव्य जुलूस के साथ शंकरपुरम से शिव विहार, महेशपुरम रोड होते हुए श्री धरणीधर चौराहा से धाकड़ मोहल्ला से गुजरते हुए मधुवन स्थित हाथी कुण्ड गार्डन में प्रतिमा को उतार कर पूजा अर्चना कर हाथी कुण्ड में माँ की प्रतिमा का विजर्सन किया गया। भव्य जुलूस में महिलाओं एवं बच्चों के साथ सभी कॉलोनीवासियों ने बड़े उत्साह से माँ के भजनों पर नृत्य किया। शिव शंकर महोत्सव समिति ने उपस्थित सभी कॉलोनीवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।