मंदसौर। विधायक विपिन जैन ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मंदसौर मास्टर प्लानदृ2041 सहित क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। विधायक जैन ने कुमावत समाज की प्रभावित भूमि संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए समाधान के सुझाव दिए। उन्होंने मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे।
मुख्य प्रस्तावों में पशुपतिनाथ लोक के दूसरे चरण के लिए 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति, महाराणा प्रताप चौराहा से नयापुरा शुक्ला चौक होते हुए प्रतापगढ़ पुलिया तक सीसी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, तथा राजाराम फैक्ट्री से काबरा पेट्रोल पंप मार्ग तक सड़क निर्माण शामिल हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के लिए विधायक जैन ने निंबोद और खजुरिया सारंग हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नत करने, 12 प्रमुख ग्रामीण सड़कों के निर्माण, ग्राम पंचायतों में मांगलिक भवन निर्माण तथा विभिन्न मंदिरों के जीर्णाेद्धार हेतु राशि स्वीकृति के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए।
विधायक जैन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन सभी प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर मंदसौर के समग्र विकास को नई गति दी जाए।