नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच ने मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए टैगोर मार्ग, घंटाघर गली, सब्जी मंडी के बाहर, फ्रूट मार्केट, यातायात थाना परिसर के पीछे, वीर पार्क रोड और लायंस चौराहा क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान करीब 50 दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए गए, कई दुकानों के सामने रखा सामान जप्त किया गया और 10 दुकानदारों के चालान बनाकर जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, यातायात थाने के पीछे और सब्जी मंडी के बाहर से छह गुमटियां भी जप्त की गईं।
नगर पालिका दल ने सब्जी मंडी और फ्रूट मार्केट चौराहा क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर तार फेंसिंग कर जगह को सुरक्षित किया। कार्रवाई का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत, नगर पालिका राजस्व अधिकारी संजय पाटीदार और स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक ने किया। टीम में जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य संसाधन भी मौजूद थे। लगभग तीन घंटे तक चले अभियान के दौरान टीम ने विजय टॉकीज चौराहा से कमल चौक, घंटाघर गली, विधायक निवास तक, फ्रूट मार्केट, सब्जी मंडी के बाहर और वीर पार्क रोड से लायंस चौराहा तक अतिक्रमण हटाया। दुकानदारों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुचारू यातायात युक्त बनाने के लिए यह अतिक्रमण हटाओ मुहिम निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के हेमंत सिसोदिया, तेज प्रकाश चोपड़ा, योगेश टांकवाल, रवि भंडारी, हिमांशु खाटरा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।