गरोठ। तहसील के ग्राम कोटड़ा बुजुर्ग में सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। बिना वॉल्व खोले पाइपलाइन चालू करने से मुख्य पाइपलाइन फट गई, जिससे खेतों में पानी का तेज बहाव हुआ और किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पाइपलाइन किसान दुर्गाशंकर पिता कन्हैयालाल पाटीदार के खेत में फटी, जिससे खेत में करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया और प्याज की पूरी फसल पानी और मिट्टी के साथ बह गई। पाइपलाइन फटने के बाद करीब एक घंटे तक पानी का तेज बहाव जारी रहा।
पानी के बहाव से निचले खेतों में भी पानी भर गया, जिससे आसपास के किसानों की फसलें भी प्रभावित हुईं। इसी दिन गांव के अन्य दो किसानों रघुवीर पिता प्रभुलाल मेघवाल और दुर्गाशंकर पिता कन्हैयालाल पाटीदार के खेतों में भी पाइपलाइन फटने की घटनाएं सामने आईं।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय कर्मचारियों से संपर्क करने पर भी उन्होंने लापरवाही दिखाई और संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
किसानों ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और अब वे उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पाइपलाइन का परीक्षण और संचालन नियमों के अनुसार किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था। फिलहाल किसानों ने संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।