मंदसौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के अंतर्गत जिले में घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान आगामी 4 दिसम्बर 2025 तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित रहेगा।
अभियान के तहत प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों का भौतिक सत्यापन करेंगे। बीएलओ के पास मतदाता सूची 2025 के अनुसार नाम, पता और ईपीआईसी नंबर सहित प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस फॉर्म में दर्ज जानकारी को ध्यानपूर्वक जांचें और यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो, तो सही जानकारी प्रदान करें।
जिन परिवारों में कोई नया सदस्य 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, उसका नाम जोड़ने हेतु बीएलओ द्वारा फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। वहीं, जिन व्यक्तियों का निधन हो गया हो या जो अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गए हों, उनकी जानकारी भी बीएलओ को देकर मतदाता सूची से नाम विलोपित कराया जा सकेगा।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान बीएलओ कोई भी दस्तावेज़ एकत्र नहीं करेंगे। यदि किसी प्रविष्टि का सत्यापन पूर्ववर्ती रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता, तो संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्री अधिकारी (ERO) द्वारा आवश्यक दस्तावेज़ों की मांग की जाएगी। बीएलओ अपने अधिकृत पहचान-पत्र के साथ घर-घर पहुंचेंगे, अतः नागरिकों से अनुरोध है कि वे उनकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही जानकारी साझा करें।
घर-घर सत्यापन पूर्ण होने के पश्चात 9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची (Draft Roll) प्रकाशित की जाएगी। नागरिक 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक अपने नाम संबंधी दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जब बीएलओ आपके घर पहुंचे, तो उन्हें पूरा सहयोग प्रदान करें और सटीक जानकारी दें। यह अभियान मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं समावेशिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो सके।