मनासा। स्थानीय श्री राम मंदिर में बुधवार को श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व पंजाबी समाज मनासा द्वारा बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शबद कीर्तन और अरदास के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया।
पंजाबी समाज मनासा वर्ष 1950 से लगातार 76 वर्षों से प्रकाश पर्व का आयोजन करता आ रहा है। समाज के संत साधु सिंह भयाजी महाराज की सेवाओं को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर अरदास कर अपनी मनोकामनाएँ व्यक्त कीं। इस अवसर पर रामलाल वधवा, जयकिशन छतानी और तारादेवी मलिक ने शबद कीर्तन और अरदास प्रस्तुत की।
समाज के अध्यक्ष प्रीतम बाँगा और मंदिर व्यवस्था प्रभारी मोंटू छाबड़ा ने सभी श्रद्धालुओं को गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएँ दीं और समाज की निरंतर सेवा भावना पर गर्व व्यक्त किया।