खण्डवा। ओंकारेश्वर मंदिर प्रांगण स्थित फर्म ओंकार पेड़ा भंडार (दुकान क्रमांक 02) पर मिलावटी मावा पेड़ा और मिल्क केक बेचने की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के आदेशानुसार एवं एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा द्वारा बुधवार को कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि दुकान संचालक नायनेश्वर पिता आत्माराम मोहिते और विक्रेता समाधान पिता दत्तात्रय धस द्वारा महाराष्ट्र से तैयार कर लाए गए मावा पेड़ा और मिल्क केक का विक्रय किया जा रहा था। यह सामग्री मानक स्तर की नहीं पाई गई और आम जनता व श्रद्धालुओं के साथ ठगी की जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा दल ने मौके से दो मावा पेड़ा और मिल्क केक के नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे हैं। शेष स्टॉक मावा पेड़ा 300 किलोग्राम (मूल्य 1,20,000/-), मिल्क केक 334.5 किलोग्राम (मूल्य 1,33,800/-) को जप्त किया गया है। जांच में यह भी पाया गया कि दुकान बिना अनुज्ञप्ति के संचालित की जा रही थी। प्रशासन ने दुकान को आगामी आदेश तक सील कर दिया है।
कार्यवाही में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले, नायब तहसीलदार उदय मंडलोई, तथा लैब केमिस्ट विनय साकेत उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य वस्तुओं में मिलावट के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।