नीमच। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बुधवार को परियोजना जावद के चार आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र महेशपुरिया में बच्चे और किशोरी बालिकाएं उपस्थित पाई गईं, लेकिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बाद में पहुंची। इस पर पंड्या ने संबंधित कार्यकर्ता को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने और कार्य में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, सहायिका का पद रिक्त होने के कारण केंद्र संचालन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र खोर, मोरका और सुवाखेड़ा का भी निरीक्षण किया, जहां सेवाओं का संचालन संतोषप्रद पाया गया। तीनों केंद्रों पर विक्रम सीमेंट द्वारा कराए जा रहे सीएसआर कार्यों का भी अवलोकन किया गया और आवश्यक सुझाव दिए गए। इस मौके पर सहायक संचालक वैभव बैरागी, विक्रम सीमेंट से अभिषेक गुहा,अनूप कुमार पांडे तथा ब्लॉक समन्वयक जावद रामप्रसाद उपस्थित रहे।