नीमच। ग्राम पंचायत दलपतपुरा के रामझर महादेव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी दक्षिण मंडल द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 10 किमी पदयात्रा एवं एसआईआर जागरूकता अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीपसिंह परिहार, जिला महामंत्री धनसिंह केथवास, जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, एसआईआर प्रभारी एड. कृष्णा शर्मा, जिला मंत्री अर्जुनसिंह सिसोदिया, मेहरसिंह जाट, नवलगिरि गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, मंडल महामंत्री किशन अहिरवार एवं सरपंच डामचंद पटेल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार एवं जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल का भूमि पूजन एवं 9 लाख रुपए की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को सफल बनाने, आगामी 10 किमी पदयात्रा में अधिकाधिक भाग लेने तथा एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम सत्यापन व जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल पदाधिकारी, सरपंच, पार्षद, बूथ अध्यक्ष, बीएलओ एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशन अहिरवार ने किया एवं आभार सरपंच डामचंद पटेल ने व्यक्त किया।