मनासा। जिले में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य में एसडीएम किरण आंजना लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। वे न केवल कार्यालय स्तर पर समीक्षा कर रही हैं, बल्कि स्वयं कर्मचारियों के साथ जमीन पर बैठकर एप पर डेटा एंट्री से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी कर रही हैं।
मनासा एसडीएम का यह सहज और सहयोगी रवैया कर्मचारियों में उत्साह बढ़ा रहा है। वहीं लो परफॉर्मेंस वाले बीएलओ को मुख्यालय बुलाकर कार्य की गति तेज कराई जा रही है। बुधवार को जनपद सभाकक्ष में एसडीएम किरण आंजना ने मास्टर ट्रेनर बाबूलाल पाटीदार एवं निर्वाचन शाखा प्रभारी संजय कुमावत के साथ 9 बीएलओ की बैठक ली। इस दौरान उनकी समस्याओं का समाधान कर कार्य में सुधार के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन शाखा प्रभारी ने बताया कि अब तक 100 से अधिक गणना पत्रक वितरित किए जा चुके हैं और शेष बीएलओ को शनिवार तक पत्रक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। मनासा विधानसभा में यह अभियान जिले में सर्वाेत्तम प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ जारी है। एसडीएम किरण आंजना का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।