मंदसौर। भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत जिले में सोयाबीन उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। 24 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर 4,150 किसानों द्वारा 46,276.927 क्विंटल सोयाबीन की बिक्री की गई है।
उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विभाग ने बताया कि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंडी प्रांगण में हेल्प डेस्क, छांव, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। तौल प्रक्रिया में सहयोग के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा प्रत्येक मंडी में नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं जो उपार्जन कार्य की निगरानी और शिकायतों के समाधान का दायित्व निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि किसान उत्साहपूर्वक अपनी उपज मंडियों में ला रहे हैं और सूचना पट्ट व हेल्प डेस्क के माध्यम से उन्हें आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।