नीमच। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय अंतरमहाविद्यालय युवा उत्सव 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उक्त उत्सव का समापन 4 नवंबर 2025 को ज्ञान मंदिर विधि महाविद्यालय, नीमच में हुआ।
रामपुरा महाविद्यालय की छात्रा कु. धानिया पड़ायपंथी (B.A. प्रथम वर्ष) ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान और कु. चेरी जागीरदार (B.A. तृतीय वर्ष) ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मूक अभिनय में कु. कमला काछवा (B.A. प्रथम वर्ष) और स्किट में अंकित सेन, कशिश माली, हिना माली, कमला काछवा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रंगोली विधा में कु. धानिया पड़ायपंथी ने तृतीय स्थान, एकल गायन में सोनू मालवीय ने द्वितीय स्थान, सुगम गायन में धानिया पड़ायपंथी ने द्वितीय स्थान तथा मिमिक्री में कु. कमला काछवा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
एकांकी विधा में अंकित सेन, धानिया पड़ायपंथी, भविष्य घावरी, सुंदर रायका, योगेश, हिना माली और कशिश माली ने प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एन.के. डबकरा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर बधाई दी और बेहतर प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन दिया।
युवा उत्सव प्रभारी मठुआ अहिरवार ने बताया कि इन विजेता प्रतिभागियों का चयन संभाग स्तरीय युवा उत्सव, जो विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में आयोजित होगा, के लिए किया गया है।
अंत में सभी छात्रों को महाविद्यालय स्टाफ और संयोजक प्राध्यापक मंडल ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आभार मठुआ अहिरवार द्वारा व्यक्त किया गया।