नीमच। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से एक सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सुबह जिला पंचायत परिसर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गान किया। पुलिस बैंड ने भी वंदे मातरम की धुनें बजाईं, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
सामूहिक गान में विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, एसडीएम संजीव साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और निलेश पाटीदार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय भागीदारी की।
सामूहिक राष्ट्रगीत गान के तुरंत बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बताया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को आज डेढ़ सौ वर्ष पूरे हो गए हैं और इसके गायन से देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की चेतना जागृत होती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तहसीलदार संजय मालवीय, अजेंद्रनाथ प्रजापत, संतोष कुमार, जनसंपर्क अधिकारी जगदीश मालवीय, आर आई विक्रम सिंह भदौरिया, नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया, संयुक्त कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे, पराग जैन सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।