नीमच। पालक महासंघ मध्यप्रदेश जिला इकाई नीमच की ओर से 3 वर्ष पूर्व स्वीकृत सी.एम. राईज (सांदीपनि विद्यालय) भवन निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने पर जिला पालक संघ ने विधायक दिलीप सिंह परिहार को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर महिला विंग की मीडिया प्रभारी भावना कांठेड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि “अच्छी शिक्षा - सस्ती शिक्षा - सबको शिक्षा - घर-घर शिक्षा” के उद्देश्य से पालक संघ जिलेभर में छात्रों और अभिभावकों के हित में निरंतर रचनात्मक गतिविधियां संचालित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी निजी विद्यालयों के समान गुणवत्तापूर्ण, सर्वसुविधायुक्त भवन एवं प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से बेहतर शिक्षा मिलनी चाहिए। इसी मांग को लेकर संघ ने विधायक निवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें सी.एम. राईज विद्यालय भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई। पालक संघ ने पूर्व में भी जिला प्रशासन से यह आग्रह किया था कि शहर के मध्य स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 के परिसर में ही इस भवन का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात विधायक दिलीप सिंह परिहार ने पालक संघ द्वारा छात्रों और अभिभावकों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि खेल प्रेमियों के लिए नीमच सिटी रोड एवं जाजू कॉलेज के पास करोड़ों के बजट से खेल मैदान का विकास कार्य प्रस्तावित है, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। विधायक ने पालक संघ की मांग को उचित मानते हुए आश्वस्त किया कि क्रमांक 2 विद्यालय परिसर में शीघ्र ही सी.एम. राईज का सर्वसुविधायुक्त विशाल भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
ज्ञापन के दौरान कपिल शुक्ला (जिला मीडिया प्रभारी), संजय नागदा, बालकृष्ण लक्षकार, नागेश जोगणिया, राजीव दत्त शर्मा, महिला विंग जिला सचिव ऊषा मित्तल, नेहा गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यह जानकारी पालक संघ जिला इकाई नीमच के जिला सचिव श्रवण शर्मा “राज” द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से दी गई।