नीमच। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश कुमार राठौड़ ने शुक्रवार को मोरवन के सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में ग्रामीणों, प्रबुद्धजनों, समाज प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठक में उन्होंने सुविधि रेयांश टेक्सटाइल उद्योग के निर्माण से जुड़ी शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान किया।
इस अवसर पर एसडीएम प्रीति संघवी, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, तहसीलदार नवीन गर्ग, उज्जैन से आए प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी, एमपीआईडीसी के कार्यपालन यंत्री पी. सिंह सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बैठक के बाद राजेश राठौड़ ने बताया कि ग्रामीणों की सभी चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की गई है और आपसी सहमति से आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुविधि रेयांश टेक्सटाइल उद्योग के शुरू होने से लगभग 2000 लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक व औद्योगिक विकास के नए द्वार खुलेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उद्योग से कोई प्रदूषण नहीं होगा तथा पानी का उपयोग न्यूनतम स्तर पर किया जाएगा। राठौड़ ने कहा कि एमपीआईडीसी का लक्ष्य उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास और स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित करना है।