चित्तौड़गढ़। भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. जिला कलक्टर) प्रभा गौतम की अध्यक्षता में औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (उपखंड अधिकारी) चित्तौड़गढ़ एवं नायब तहसीलदार गजराज मीणा सहित जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भावेश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक, जे.के. सीमेंट निम्बाहेड़ा एवं मांगरोल; जी.एल. शर्मा एवं अजय शर्मा, नितिन स्पिनर्स बेगूं; अनुप कुमार, हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड पुठोली; कृपानंद, आदित्य बिरला सीमेंट शंभूपुरा; कपिल व्यास एवं हेमेन्द्र सिंह झाला, वंडर सीमेंट लिमिटेड निम्बाहेड़ा तथा एस.के. जेना, राजस्थान परमाणु विद्युत परियोजना रावतभाटा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभा गौतम ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में औद्योगिक संस्थानों का सहयोग आवश्यक है, ताकि संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सकें।
उन्होंने प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को कार्यक्रम की जानकारी दें एवं प्रत्येक यूनिट से 2-3 कर्मियों को वालंटियर के रूप में नामित करें, जो अपने क्षेत्र के BLO को सहयोग प्रदान करें। साथ ही कॉलोनी या क्वार्टर क्षेत्रों से स्थानांतरित या सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जानकारी भी समय-समय पर संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की मतदाता सूची मैपिंग शीघ्र पूर्ण करवाने, स्थानांतरित कर्मचारियों की सूची नियमित रूप से देने एवं BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। अंत में निर्वाचन विभाग द्वारा तैयार जानकारी पुस्तिका एवं फॉर्म वितरण प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित प्रतिनिधियों को जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।