मंदसौर। सुशासन भवन सभागार में मंदसौर मास्टर प्लान 2041 को लेकर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, कलेक्टर अदिति गर्ग, विधायक विपिन जैन, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन और उपसंचालक टाउन एंड कंट्री प्लान विनीता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के समग्र और सुनियोजित विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मास्टर प्लान तैयार करते समय जनसंख्या घनत्व, प्रति हेक्टेयर आबादी, सड़क चौड़ीकरण, आवासीय और औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मास्टर प्लान मंदसौर के विकास का भविष्य निर्धारित करेगा, इसलिए हर बिंदु पर गहन अध्ययन और व्यवहारिक योजना बनाना आवश्यक है।
कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शहर का विकास संतुलित और टिकाऊ हो। बस स्टैंड निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, और औद्योगिक क्षेत्र के लिए नीति निवेश विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में मूल्यांकन समिति एवं मास्टर प्लान नियम 17 (क) के तहत गठित की जाने वाली समिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मास्टर प्लान से संबंधित सभी आपत्तियों का परीक्षण नियमानुसार कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।