देवास। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋतुराज सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 में निहित शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले में प्रत्येक उर्वरक वितरण करने वाले थोक विक्रेता (होलसेलर) एवं अधिकृत सभी खुदरा विक्रेता (रिटेलर्स) अपनी दुकान के सामने उर्वरक का दैनिक स्टॉक और रेट लिस्ट का स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने आदेश दिये है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आता है, अपने अनुभाग क्षेत्र में संबंधित एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी आदेश का पालन सुनिश्चित कराएंगे।
आदेश में उल्लेख है कि प्रायः यह देखा जाता है कि उर्वरक खाद वितरण के थोक विक्रेताओं (होलसेलर्स) एवं अधिकृत खुदरा विक्रेताओं (रिटेलर्स) द्वारा अपने विक्रय स्थलों पर खाद के उपलब्ध स्टॉक एवं मूल्य सूची (रेट लिस्ट) को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं करते हैं। इस वजह से किसानों को खाद की उपलब्धता और सही कीमत के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती है, जिससे एक ओर जहां कालाबाजारी कि प्रबल संभावना रहती है वहीं कृषको को अनावश्यक परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। इससे कालाबाजारी और मूल्य से अधिक दरों पर खाद बेचने जैसी अनैतिक प्रथाओं को बढ़ावा मिलता है, जिससे क्षेत्र में लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।