नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम हरवार की बेटी पूजा जाट ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।

पूजा के पिता बलवीर सिंह जाट एक साधारण किसान हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं और कृषि कार्यों में सहयोग करती हैं। पूजा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम हरवार के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की, इसके बाद जीरन के स्कूल से माध्यमिक शिक्षा और नीमच कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। सरकारी स्कूल और कॉलेज से पढ़ाई करने के बावजूद पूजा ने अपनी लगन, अनुशासन और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

पूजा के भाई आनंद जाट ने बताया कि सफलता की खबर मिलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पूजा की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वह अब क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।
