नीमच। मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश हेतु “ऑपरेशन मुस्कान” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा बच्चों की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष निर्देश जारी किए थे।
इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमच नवल सिंह सिसोदिया तथा सीएसपी नीमच किरण चौहान के मार्गदर्शन में, निरीक्षक विकास पटेल (थाना प्रभारी नीमच सिटी) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 08 नवंबर 2025 को एक सूचनाकर्ता ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट थाना नीमच सिटी में दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गुमशुदा की तलाश हेतु थाना सिटी की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, संभावित स्थानों की सतत जांच एवं अपने व्यवसायिक कौशल का उपयोग करते हुए लगातार प्रयास जारी रखे। अंततः 10 नवंबर 2025 को नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
सराहनीय कार्य-
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नागुराम परमार, आरक्षक महेंद्र सिंह, महिला आरक्षक बिंदु तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के कार्य की सराहना की गई है।