नीमच। धनेरिया कला पंचायत के अंतर्गत आने वाली रिटायर्ड कॉलोनी बघाना के निवासियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को निकाले गए यूनिटी मार्च के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं और कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में विशेष रूप से गली नंबर 2 में बुनियादी सुविधाओं के घोर अभाव का उल्लेख किया गया है। कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में अब तक सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है, नालियाँ भी नहीं बनाई गई हैं, जिससे जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी रहती है। सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है, क्योंकि पूरी कॉलोनी में नल उपलब्ध नहीं हैं।
निवासियों ने यह भी बताया कि साफ-सफाई के लिए कर्मचारी और कचरा गाड़ियाँ नियमित रूप से नहीं आतीं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ रहे हैं।
रहवासियों ने कहा कि “हम वर्षों से यहाँ रह रहे हैं और लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं। हमारी माँगे लगातार लंबित हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक सभी को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला।”
सांसद सुधीर गुप्ता ने ज्ञापन लेने के बाद कॉलोनीवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे।